मिर्जापुर। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाण सागर विभाग के जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुसाफिर यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जेई मुसाफिर यादव ने एक ठेकेदार से कार्य से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर एक लाख रुपये की घूस की मांग की थी। इससे परेशान होकर ठेकेदार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की, जिसके बाद पूरे मामले की योजना बनाकर कार्रवाई की गई।
एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर बाण सागर कॉलोनी में आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान मौके से नकदी भी बरामद की गई, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने एंटी करप्शन टीम की इस पहल का स्वागत किया है।


