मैनपुरी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जारी प्राथमिकता वाले विकास और राजस्व कार्यों की फरवरी माह की रैंकिंग में मैनपुरी जनपद ने प्रदेश में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वहीं मंडल स्तर पर जनपद ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर कार्यशैली के कारण जनपद लगातार प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपनी जगह बनाए हुए है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, जिसके चलते विभिन्न विकास और राजस्व कार्यों में मैनपुरी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामाजिक वनीकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री पोषण योजना, अंडा उत्पादन, निराश्रित गोवंश संरक्षण और पशु टीकाकरण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में जिला ए-प्लस श्रेणी में शामिल है।
इसके अलावा निराश्रित गोवंश की सुपुर्दगी, मत्स्य उत्पादन, निराश्रित महिला पेंशन, आधार सीडिंग, सड़कों का अनुरक्षण, एक जनपद-एक उत्पाद योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी जनपद का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि अतिरिक्त ऊर्जा से जुड़े कार्यक्रमों में भी मैनपुरी जनपद आगे है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, बीकेएस ग्राम उन्नति योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट, उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दैनिक विद्युत आपूर्ति, विद्युत बिलों में सुधार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं में भी जिला लगातार ए-श्रेणी में बना हुआ है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और जन समस्याओं के त्वरित समाधान के कारण ही जनपद को यह सफलता मिली है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे इसी तरह समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनपद को विकास की राह पर आगे बढ़ाते रहें।


