आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर मैनपुरी में तनाव, विधायक समर्थकों के साथ धरने पर बैठे; पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की

0
24

मैनपुरी| कस्बा किशनी में परिनिर्वाण दिवस के मौके पर अराजकतत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से स्थानीय लोगों और समर्थकों में भारी रोष फैल गया। घटना के विरोध में क्षेत्रीय विधायक बृजेश कठेरिया शनिवार सुबह समर्थकों के साथ कृष्णा नगर स्थित आंबेडकर पार्क में धरने पर बैठ गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

प्रतिमा शुक्रवार देर रात क्षतिग्रस्त की गई थी, जिसकी जानकारी शनिवार सुबह करीब आठ बजे समर्थकों को हुई। घटना सामने आते ही बड़ी संख्या में लोग पार्क में जुट गए और अराजकतत्वों की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। जानकारी मिलने पर सुबह 10 बजे विधायक बृजेश कठेरिया और चेयरमैन प्रतिनिधि डैनी यादव मौके पर पहुंचे। विधायक ने आरोप लगाया कि परिनिर्वाण दिवस से ठीक पहले यह घटना सोची-समझी साजिश के तहत की गई है और कई घंटे बीतने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

मामला गंभीर होता देख डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी गणेश प्रसाद साहा, एसडीएम किशनी गोपाल शर्मा, सीओ भोगांव आर.के. द्विवेदी और इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विधायक और समर्थकों को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विधायक और समर्थक तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस ने पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और अराजकतत्वों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here