महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नवाबगंज में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पुठरी स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पुठरी में सुबह से ही “बम बम भोले” और “हर हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में देखने को मिली।

भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को गंगाजल, दूध, बेल पत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। दिनभर मंदिर में पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। मंदिर के पुजारी सुरेश भारती ने शिवलिंग की पूजा के उपरांत भक्तों के लिए मंदिर के पट खोले। एटा, मैनपुरी, बदायूं, कन्नौज सहित नवाबगंज और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कांवड़िए भी जलाभिषेक के लिए पहुंचे।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर का एक द्वार बंद रखा गया और पुरुषों व महिलाओं को बारी-बारी से प्रवेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में स्थित कालेश्वर महादेव और माता दुर्गा की भी पूजा-अर्चना की। मंदिर के आसपास लगे मेले में लोगों ने पूजा सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की, जिससे क्षेत्र में रौनक बनी रही।

शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए माइक से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की गई। इसके अलावा नगर के मुख्य शिव मंदिर, बरतल शिव मंदिर, पुराना गनीपुर शिव मंदिर और बरतल स्थित खेरे शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here