फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के धारा नगला गांव में सोमवार की रात पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक ताऊ ने अपने ही भतीजे को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हमले में युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
गांव निवासी कन्हैया पुत्र भैयालाल का अपने ताऊ सियाराम से किसी पुरानी रंजिश या आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आए सियाराम ने लाठी-डंडों से कन्हैया पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह घायल कन्हैया को उसके घर पहुंचाया।
घायल की मां राधा ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन किया। एम्बुलेंस से कन्हैया को फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल ले जाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अभय श्रीवास्तव ने बताया कि युवक को सिर और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं, उसका प्राथमिक उपचार कर भर्ती कर लिया गया है और हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मऊदरवाजा थाना पुलिस हरकत में आ गई। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बताया कि घायल के उपचार की जानकारी ली गई है। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त होते ही मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी।






