22 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026

सार्वजनिक गली में ई-रिक्शा खड़ा करने का विरोध पड़ा भारी, युवक को लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में सार्वजनिक गली में ई-रिक्शा खड़ा करने और निजी जमीन पर कूड़ा डालने का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। विरोध से नाराज मोहल्ले के कुछ लोगों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया।
घायल युवक शैलेन्द्र पुत्र सुशील चंद्र ने बताया कि उसके मोहल्ले के कुछ लोग लंबे समय से सार्वजनिक गली में अपने ई-रिक्शा खड़ा करते हैं और वहीं चारपाई डालकर अतिक्रमण कर लेते हैं। इतना ही नहीं, वे उसकी निजी जमीन पर भी कूड़ा फेंकते रहते हैं, जिससे उसे लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जब उसने इस बात का विरोध किया और उन्हें ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने आक्रोशित होकर उस पर हमला बोल दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
शैलेन्द्र ने मामले की शिकायत कादरीगेट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि पीड़ित द्वारा मारपीट की तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में लंबे समय से अतिक्रमण और गंदगी की समस्या बनी हुई है, जिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस प्रशासन से क्षेत्रवासियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article