फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक ग्रामीण पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव शेराखार निवासी रंजीत का गांव में ही स्थित खेत को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। रंजीत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित उसके खेत पर गांव के ही चार लोगों ने ट्रैक्टर से जबरन जुताई कर दी। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंचा और इसका विरोध किया।
रंजीत के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। हमले में रंजीत बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और किसी तरह घायल को हमलावरों से बचाया।
घटना के बाद परिजन घायल रंजीत को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रंजीत की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here