शाहजहांपुर| जलालाबाद में एक ट्रैक्टर एजेंसी पर डाउन पेमेंट की मांग को लेकर विवाद गंभीर रूप ले गया। शुक्रवार को ट्रैक्टर एजेंसी मैनेजर ने एक किसान सुरबेंद्र सिंह और उनकी मां के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में सुरबेंद्र सिंह का सिर फट गया, जबकि उनकी मां के हाथ में चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार यह घटना जलालाबाद थाना क्षेत्र के 12 पत्थर के पास स्थित ट्रैक्टर एजेंसी पर हुई। पीड़ित युवक सुरबेंद्र सिंह, थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव मौघटिया निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 1 जनवरी 2025 को एजेंसी से ट्रैक्टर लिया था और 1 लाख 93 हजार रुपये का डाउन पेमेंट नकद जमा किया था।
एक महीने बाद एजेंसी मैनेजर ने ट्रैक्टर वापस मंगवा लिया, यह कहते हुए कि चेचिस नंबर नहीं चढ़ा है। आज रविवार को सुरबेंद्र अपनी मां के साथ डाउन पेमेंट की राशि वापस मांगने एजेंसी पहुंचे। मैनेजर ने पैसे देने से इनकार कर दिया और एजेंसी से चले जाने को कहा।
जब युवक ने फिर से पैसे मांगे, तो मैनेजर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सुरबेंद्र और उनकी मां के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। मारपीट में सुरबेंद्र का सिर फट गया और उनकी मां के हाथ में चोटें आईं। घटना लगभग शाम 5:30 बजे हुई।
पीड़ित ने जलालाबाद थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। थाना हल्का इंचार्ज एसआई महेश सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर इलाज कराया गया। तहरीर के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।






