फर्रुखाबाद| शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खतराना में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक दबंग महिला ने पहले बच्चों के साथ मारपीट की और बाद में विरोध करने पर किराएदार महिला सिम्मी मिश्रा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सिम्मी मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें एंबुलेंस की सहायता से डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता सिम्मी मिश्रा मोहल्ला खतराना की निवासी हैं। उनके घर में उनकी दूर की रिश्तेदार महिला किराए पर रहती है। आरोप है कि उक्त महिला आए दिन विवाद करती रहती थी। घटना वाले दिन आरोपी महिला ने घर में मौजूद बच्चों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब सिम्मी मिश्रा ने बच्चों को बचाने और मारपीट का विरोध किया तो आरोपी महिला ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
मारपीट की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान आरोपी महिला का पति भी वहां आ गया, जिसने किसी तरह दोनों को अलग कराया। घायल अवस्था में सिम्मी मिश्रा को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने शहर कोतवाली में आरोपी महिला के खिलाफ लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दर्शन सोलंकी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here