फर्रुखाबाद| कंपिल थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं सहित कुल चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना कंपिल थाना क्षेत्र की न्याय पंचायत पट्टी मदारी के बिहारीपुर गांव की है। गांव निवासी शिवम का अपने ताऊ के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा है। बुधवार सुबह इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोग आमने-सामने आ गए।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया।
घायलों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि धान का पुआल थ्रेशर से काटते समय उनके साथ मारपीट की गई। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि अपनी जमीन पर मवेशी बांधने का विरोध करने पर उनके साथ लाठी-डंडों से हमला किया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सूचना मिलने पर कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों पक्ष थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देते नजर आए।
कंपिल थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी रखे हुए है।






