फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के मुख्य गेट के बाहर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दुकान आगे-पीछे लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोहिया अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर लंबे समय से दुकानें लगती आ रही हैं। इसी क्रम में थाना कादरीगेट क्षेत्र के अंतर्गत बर्रा बाग निवासी अनामिका गुप्ता व उनके पति नीरज की दुकान भी अस्पताल गेट के बाहर लगती है। वहीं, उनके ही परिवारी लक्ष्मी गुप्ता पत्नी नन्हे की दुकान भी पास में लगती है। मंगलवार को दुकान को आगे-पीछे लगाने को लेकर दोनों पक्षों में पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए लाठी-डंडों व हाथापाई का सहारा लिया। मारपीट के दौरान आसपास मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई। अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने झगड़े में घायल हुए तीनों लोगों को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाकर डॉक्टरों से मेडिकल परीक्षण कराया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।



