गंभीर हालत में सैनिक अस्पताल से हायर सेंटर रेफर
फर्रुखाबाद। बाजार से सामान खरीदने निकले एक पूर्व सैनिक पर रास्ते में मोहल्ले के ही दो युवकों ने घात लगाकर हमला कर दिया। मारपीट में पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल सैनिक अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित की पत्नी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला शीशम बाग कैंट की है। पीड़ित की पत्नी जूल देवी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, उनके पति सत्येंद्र सिंह, जो सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, शुक्रवार को दैनिक सामान खरीदने बाजार जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर कब्रिस्तान के सामने मोहल्ले के ही युवक अजय और शेरा ने उन्हें रोक लिया।
दोनों युवकों ने कथित रूप से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब पूर्व सैनिक ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनसे उलझ गए।
शिकायत के अनुसार, जब सत्येंद्र सिंह मोबाइल निकालकर पुलिस को सूचना देने लगे, तो अजय और शेरा ने उनके हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल तोड़ दिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट के दौरान पूर्व सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें तुरंत सैनिक अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि चोटें गंभीर हैं, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पीड़िता जूल देवी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके पति एक रिटायर्ड सैनिक हैं और उनकी इस तरह से पिटाई करना अत्यंत शर्मनाक व आपराधिक कृत्य है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।





