लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज क्षेत्र स्थित मेगा पार्क व्यू अपार्टमेंट में गुरुवार रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक प्रथम तल के फ्लैट नंबर 104 में आग लग गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर फायर स्टेशन हजरतगंज की टीम तत्काल पहुंची और फायर इंजन से पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। अपार्टमेंट में अचानक धुआं फैल जाने से लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, लेकिन फायर टीम की सतर्कता से सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, जिस फ्लैट में आग लगी उसकी मालिक महिला पन्ना उस समय घर पर मौजूद नहीं थीं। आग लगने से कमरे का सामान जलकर राख हो गया, लेकिन बड़ी राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों ने फायर टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।






