कासगंज: मथुरा-बरेली मार्ग पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोहनपुरा के पास एक एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि यह घटना दोपहर लगभग 12 बजे की है, जब गुजरात के कांडला पोर्ट से गैस भरकर बरेली जा रहा एलपीजी टैंकर मथुरा-बरेली मार्ग पर मोहनपुरा के निकट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भय फैल गया और लोग घटनास्थल से दूर हटने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया और टैंकर के आसपास किसी भी व्यक्ति को जाने से रोक दिया। दमकल कर्मियों ने एहतियात के तौर पर अपनी गाड़ियों को घटनास्थल पर तैनात कर दिया ताकि किसी भी संभावित आग या विस्फोट की स्थिति से निपटा जा सके।
मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.के. तिवारी और अग्निशमन अधिकारी नितेश शर्मा अपनी टीम के साथ मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मथुरा रिफाइनरी को टैंकर में हो रहे गैस रिसाव की सूचना दे दी गई है। वहां से तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है, जो पहुंचकर टैंकर से हो रहे रिसाव को नियंत्रित करेगी।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पूरे इलाके को सुरक्षित बनाए रखने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम के पहुंचने के बाद ही रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकेगा। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, हालांकि प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा रहा है और किसी भी तरह की बड़ी दुर्घटना से बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


