आजमगढ़: भारत में भी ईंधन की समस्या अब धीरे-धीरे लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। LPG सिलेंडर की आपूर्ति के चलते लोगों को सिलेंडर (Cylinder) रिफिलिंग के लिए घंटों लाइन में लगकर अपनी पारी का इंतजार करना पड़ रहा है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से जारी नई अधिसूचना के अनुसार, पाइप नेचुरल गैस यानी पीएनजी कनेक्शन धारकों को अपना एलपीजी कनेक्शन सिलेंडर छोड़ना होगा।
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह ने इस विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की तरफ से पीएनजी कनेक्शन धारको के लिए एक नई गाइडलाइन जारी की गई है, जिसके अंतर्गत सभी पीएनजी कनेक्शन धारी को अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर छोड़ना होगा. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
इसके तहत आजमगढ़ जिले में लगभग 9.5 हजार पीएनजी उपभोक्ताओं को अपना एलपीजी कनेक्शन छोड़ना होगा। उन्होंने बताया कि यदि उपभोक्ता अपना पीएनजी कनेक्शन उपयोग कर रहा है, तो ऐसी स्थिति में उन्हें एलपीजी की आपूर्ति नहीं दी जाएगी यानी एलपीजी सिलेंडर की रिफिलिंग की प्राप्ति नहीं हो सकेगी।
खबरों के मुताबिक, आजमगढ़ शहर में पाइपलाइन गैस कनेक्शन शहरी क्षेत्र में कई जगहों पर उपलब्ध हो चुके हैं। पहले चरण में तकरीबन 390 किलोमीटर के क्षेत्र में पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। इसके अंतर्गत जनपद में लगभग 9.5 हजार घरों में कनेक्शन भी दिए गए हैं। इसमें आजमगढ़ शहर के मुख्य स्थान जैसे हीरापट्टी, आरजीबाग, कोलाघाट, शांतिनगर, शिवाजी नगर और भंवरनाथ क्षेत्र के समीप कई इलाकों में पीएनजी कनेक्शन का संचालन भी कई महीने से चल रहा है।


