इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब देश के कई शहरों में रसोई गैस आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। कई जगहों पर घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की ऑनलाइन और फोन से बुकिंग बंद हो गई है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। अचानक बुकिंग बंद होने से लोगों को समझ नहीं आ रहा कि अब गैस सिलिंडर कैसे मिलेगा। शहर में गैस संकट की आशंका के चलते लोग चिंता में हैं।
रसोई गैस की संभावित किल्लत को देखते हुए उपभोक्ताओं ने पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी थी, लेकिन मंगलवार से ऑनलाइन बुकिंग भी बंद हो गई। इसके बाद उपभोक्ताओं को एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बीकेडी स्थित एक गैस एजेंसी संचालक का कहना है कि गोदाम में फिलहाल घरेलू सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। अगर पिछली बुकिंग के 25 दिन पूरे हो चुके हैं तो उपभोक्ता एजेंसी से सिलिंडर ले सकते हैं।
दूसरी ओर कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर के कई होटलों में रोजाना चार से दस सिलिंडर तक की खपत होती है। इलाइट चौराहा स्थित एक होटल संचालक ने बताया कि उन्होंने अगले दिन के लिए सिलिंडर बुक किया था, लेकिन हॉकर ने बुधवार को भी मिलने की संभावना कम बताई और कीमत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
शहरवासियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो सिलिंडर ब्लैक में खरीदने की नौबत आ सकती है। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग करने पर ओटीपी नहीं आ रहा है और बुकिंग लिंक पर इनवॉयस एक्सपायर का संदेश दिखाई दे रहा है। वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि मौजूदा हालात में कंपनियां घरेलू उपयोग के लिए गैस उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दे रही हैं, जिसके कारण कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति फिलहाल प्रभावित हो गई है।


