संभल
प्रतिदिन 13 हजार से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी होने के बावजूद किल्लत कम नहीं हो रही है। उपभोक्ता खासकर केवाईसी (KYC) और बुकिंग से जुड़ी समस्याओं के कारण परेशान हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद भी कई लोगों को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उनकी केवाईसी पूरी नहीं है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपूर्ति विभाग ने निरीक्षण भी शुरू कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने टीम के साथ मोहल्ला हल्लू सराय स्थित एक गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और एजेंसी संचालक से गैस स्टॉक व डिलीवरी की जानकारी लेकर रिपोर्ट तैयार की।
उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। मोहल्ला नाला निवासी मोहम्मद अहसान ने बताया कि उन्होंने आठ दिन पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन एजेंसी ने उसे रद्द कर दिया। अब दोबारा बुकिंग कराने के बाद ही उन्हें सिलेंडर मिलने की उम्मीद है।
वहीं गांव लहरा निवासी जमील ने बताया कि उन्हें 10 से 15 दिनों से सिलेंडर नहीं मिला है। एजेंसी पर कभी केवाईसी तो कभी अन्य कारण बताकर उन्हें टाल दिया जाता है। हालत यह है कि उनके घर में कई दिनों से गैस खत्म है और उन्हें लकड़ी व अन्य साधनों से खाना बनाना पड़ रहा है।
इस संकट का असर छोटे व्यवसायों पर भी पड़ा है। यशोदा चौराहा स्थित एक होटल में काम करने वाले हलवाई भीम कुमार ने बताया कि गैस न मिलने के कारण उन्हें कोयले की भट्टी पर काम करना पड़ रहा है, जिससे समय और मेहनत दोनों ज्यादा लग रहे हैं।
जिले की संभल, चंदौसी और गुन्नौर तहसीलों की 39 गैस एजेंसियों पर रोजाना भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर दोपहर बाद कई उपभोक्ताओं को केवाईसी अधूरी बताकर वापस भेज दिया जाता है। ऐसे में लोग न केवल परेशान हैं बल्कि व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।


