बरेली। जनपद में जनसुनवाई के दौरान प्रशासन का संवेदनशील चेहरा सामने आया, जब जिलाधिकारी ने एक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या सुनते हुए तत्काल रसोई गैस की व्यवस्था कराई। शिकायत में बताया गया था कि संबंधित व्यक्ति को घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था, जिससे उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए और मौके पर ही दो गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।
प्रशासन ने शादी समारोहों में गैस की बढ़ती मांग और दुरुपयोग को देखते हुए नई व्यवस्था भी लागू की है। अब शादी के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर प्राप्त करने हेतु आवेदक को विवाह का निमंत्रण पत्र (कार्ड) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही जांच प्रक्रिया पूरी कर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
नई व्यवस्था के तहत एक शादी समारोह के लिए अधिकतम 8 कमर्शियल सिलेंडर दिए जाने का प्रावधान किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों को समय पर गैस उपलब्ध कराना और कालाबाजारी पर रोक लगाना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन के किसी भी प्रकार के व्यावसायिक गैस सिलेंडर जारी नहीं किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही स्वीकृति दी जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक जरूरतमंदों को ही लाभ मिल सके।
जनसुनवाई में दिव्यांग को मिली राहत: डीएम ने रसोई गैस की कराई व्यवस्था, शादी के लिए भी तय हुई नई प्रक्रिया


