सुरक्षा कर्मियों से महिलाओं की हुई नोंकझोंक
फर्रुखाबाद। सोमवार को डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऑनलाइन पर्चा बनवाने के काउंटर पर लंबी कतार लगने के कारण मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इसी दौरान कतार में खड़ी महिलाओं ने अव्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा कर दिया।
जानकारी के अनुसार सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक थी। पर्चा बनवाने के लिए ऑनलाइन काउंटर पर बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंच गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कतार में आगे-पीछे होने को लेकर महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। भीड़ के कारण धक्का-मुक्की की स्थिति भी पैदा हो गई।
हंगामा बढ़ता देख अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ महिलाओं की सुरक्षा कर्मियों के साथ नोकझोंक भी हो गई। काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
बाद में अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद कतार को व्यवस्थित कराया गया और मरीजों के पर्चे बनवाने की प्रक्रिया दोबारा सुचारु रूप से शुरू की गई।
मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आते हैं, लेकिन पर्चा काउंटर कम होने और व्यवस्थाएं पर्याप्त न होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और अतिरिक्त काउंटर बढ़ाने की मांग की है, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।
लोहिया अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़, ऑनलाइन पर्चा काउंटर पर महिलाओं का हंगामा


