37.1 C
Lucknow
Saturday, March 14, 2026

लोहिया अस्पताल का ऑक्सीजन प्लांट कई दिनों से बंद, मरीजों को सिलेंडर से दी जा रही ऑक्सीजन

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद के प्रमुख सरकारी अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में लगा ऑक्सीजन प्लांट कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है। सर्विस न हो पाने के कारण प्लांट से ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित है, जिसके चलते अस्पताल प्रशासन को मरीजों को सिलेंडर के माध्यम से ऑक्सीजन उपलब्ध करानी पड़ रही है।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी खराबी और समय पर सर्विस न हो पाने के कारण ऑक्सीजन प्लांट फिलहाल बंद है। हालांकि मरीजों की सुविधा और उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ऑक्सीजन सिलेंडरों के जरिए मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्लांट को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित तकनीकी टीम को इसकी जानकारी दे दी गई है और सर्विस का कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
गौरतलब है कि डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय जिले का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ऑक्सीजन प्लांट का बंद होना चिंता का विषय जरूर है, लेकिन अस्पताल प्रशासन का दावा है कि ऑक्सीजन की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जा रही है और सभी जरूरतमंद मरीजों को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जैसे ही प्लांट की सर्विस पूरी हो जाएगी, उसे पुनः चालू कर दिया जाएगा, जिससे ऑक्सीजन की आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article