फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तैनात सुरक्षाकर्मियों ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। अस्पताल की पार्किंग से एक युवक साइकिल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी सतर्क कर्मचारियों और ड्यूटी पर मौजूद पूर्व सैनिक गार्डों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके से पकड़े गए युवक को तत्काल लोहिया परसों बनी पुलिस चौकी पर सौंप दिया गया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम अजीत जाटव, पुत्र स्वर्गीय देशराज, निवासी शीशम बाग, कोतवाली फतेहगढ़ बताया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह पार्किंग से साइकिल चोरी कर रहा था और उसी दौरान कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया।
गार्डों का कहना है कि युवक संदिग्ध अवस्था में बार-बार पार्किंग के आसपास घूम रहा था। जब वह एक साइकिल खोलकर तेजी से निकलने लगा, तो कर्मचारियों ने शोर मचाया और पूर्व सैनिक गार्डों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
ध्यान देने योग्य है कि लोहिया अस्पताल परिसर में इससे पूर्व भी कई वाहन चोरी होने की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। अस्पताल प्रबंधन लंबे समय से सुरक्षा कड़ी करने की मांग कर रहा था। इस ताज़ी वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. जगमोहन शर्मा तुरंत पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा अस्पताल परिसर की सुरक्षा को और मजबूत करने पर जोर दिया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






