सीएमएस ने दिए सीसीटीवी कैमरे चेक करने के निर्देश, कर्मचारी ने दिखाई मानवता
फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय एक बार फिर टप्पेबाजों और चोरों की गतिविधियों का केंद्र बन गया है। मंगलवार को अस्पताल परिसर में दो महिलाओं के पर्स से हजारों रुपये गायब हो गए, वहीं एक युवक की साइकिल भी चोरी हो गई। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव दहेलिया निवासी मीरा देवी पत्नी राममूर्ति मंगलवार को इलाज कराने लोहिया अस्पताल आई थीं। कुछ दिन पूर्व उन्हें गाय ने पटक दिया था, जिससे वे घायल हो गई थीं। जब मीरा देवी ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए लाइन में खड़ी थीं, तभी टप्पेबाजों ने उनकी पर्स से 300 रुपये उड़ा लिए। घटना का पता चलते ही महिला के हाथ-पांव फूल गए, क्योंकि उनके पास घर लौटने के लिए किराए के भी पैसे नहीं बचे थे।
इसी बीच दूसरी घटना में पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के अल्लाहगंज निवासी रेखा देवी के साथ भी टप्पेबाजी की वारदात हो गई। रेखा देवी ओपीडी में इलाज के लिए पहुंची थीं, तभी अज्ञात टप्पेबाजों ने उनकी पर्स से 2,000 रुपये निकाल लिए।
तीसरी घटना में कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के पुलिस लाइन निवासी अनूप यादव पुत्र जानकी की साइकिल ओपीडी के बाहर से चोरी हो गई। अनूप इलाज के लिए अस्पताल आए थे, लेकिन लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी साइकिल गायब है।
तीनों पीड़ितों ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा से शिकायत की। घटना की जानकारी मिलते ही सीएमएस ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे चेक करने के निर्देश दिए और कहा कि फुटेज के आधार पर टप्पेबाजों की पहचान की जाएगी।
वहीं, मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए लोहिया अस्पताल के कर्मचारी रिंकू त्रिपाठी ने मीरा देवी की आर्थिक मदद की और उन्हें घर जाने के लिए किराए के पैसे दिए।
अस्पताल परिसर में आए दिन हो रही चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं से मरीजों में असुरक्षा की भावना पनप रही है। लोगों ने प्रशासन से अस्पताल में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।





