फर्रुखाबाद। मौसम साफ होते ही एक बार फिर लोहिया अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक रही, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमराती नजर आईं।
सुबह से ही ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों को घंटों खड़ा रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कई मरीजों ने बताया कि उन्हें काफी देर तक लाइन में लगने के बाद इलाज मिल सका, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर मरीजों को खासा परेशान होना पड़ा।
वहीं पर्चा काउंटर और पैथोलॉजी लैब के बाहर भी अव्यवस्था का माहौल रहा। मरीजों और उनके तीमारदारों की भीड़ के कारण कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिससे नाराज मरीजों ने हंगामा भी किया। मरीजों का आरोप है कि स्टाफ की कमी और उचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ा।
मरीजों का कहना है कि मौसम बदलते ही अस्पताल में आने वाले रोगियों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं किया गया है। ओपीडी, पर्चा काउंटर और जांच कक्षों में पर्याप्त इंतजाम न होने से आम लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने के कारण दबाव अधिक रहा, फिर भी सभी मरीजों का इलाज कराया गया है। प्रशासन ने जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती का भरोसा दिलाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here