36.3 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

लोहिया चिकित्सालय में मरीजों की भीड़ से अव्यवस्था, पहले नंबर को लेकर हुआ हंगामा

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के प्रमुख सरकारी अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पहले डॉक्टर को दिखाने को लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक मरीज ने चिकित्सकों के कक्ष के बाहर हंगामा कर दिया।
जानकारी के अनुसार सुबह से ही अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग गई थीं। मौसम में बदलाव के कारण बुखार, सर्दी-जुकाम और अन्य बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। भीड़ अधिक होने के कारण मरीजों को अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा था। इसी दौरान एक मरीज ने जल्दी डॉक्टर को दिखाने की मांग को लेकर चिकित्सकों के कक्ष के बाहर शोर-शराबा शुरू कर दिया।
हंगामा होते देख वहां मौजूद अन्य मरीजों और तीमारदारों में भी हलचल मच गई। कुछ देर के लिए ओपीडी व्यवस्था प्रभावित हो गई। सूचना मिलने पर अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरीज को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और ओपीडी का कार्य फिर से सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसके चलते कभी-कभी भीड़ अधिक हो जाती है। मरीजों से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और अपनी बारी का इंतजार करें, ताकि सभी को व्यवस्थित तरीके से उपचार मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में ओपीडी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article