फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय परिसर में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र पर सोमवार को मरीजों की अत्यधिक भीड़ के चलते धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। दवाएं लेने पहुंचे मरीजों के बीच अव्यवस्था के कारण काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही जन औषधि केंद्र पर मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ बढ़ने के साथ ही लोग जल्दी दवा लेने के लिए आगे बढ़ने लगे, जिससे धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कुछ मरीजों ने नाराजगी जाहिर करते हुए हंगामा भी किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए औषधि केंद्र के कर्मचारियों ने तत्काल महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगवाई, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। हालांकि इसके बावजूद कुछ महिलाओं के बीच नोंकझोंक की स्थिति बन गई और आपसी कहासुनी होती रही। कर्मचारियों को काफी मशक्कत के बाद माहौल शांत कराना पड़ा।
मरीजों का कहना है कि जन औषधि केंद्र पर सस्ती दरों पर दवाएं मिलने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी उठानी पड़ती है। कई बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को भी लाइन में घंटों खड़ा रहना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here