पर्चा काउंटर पर महिलाओं में हुई नोंकझोंक और धक्का मुक्की
फर्रुखाबाद। मौसम साफ होते ही लोहिया अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई। सोमवार सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। हालात यह रहे कि चिकित्सा कक्षाओं के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं और पर्चा काउंटर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पर्चा बनवाने के लिए सुबह से ही मरीजों की भीड़ जमा हो गई थी। सीमित काउंटर होने के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्चा काउंटर पर महिलाओं के बीच नोकझोंक भी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। कई बार स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मरीजों को लाइन तोड़कर पर्चा बनवाना पड़ा।
भीड़ अधिक होने के चलते अस्पताल में तैनात सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी साबित हुई। मरीजों का कहना है कि पर्चा बनवाने में ही एक से दो घंटे तक का समय लग गया, जिसके बाद डॉक्टर को दिखाने के लिए फिर लंबा इंतजार करना पड़ा। बुजुर्ग मरीजों और महिलाओं को खड़े होकर घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।
मरीजों ने अस्पताल प्रशासन पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि मौसम ठीक होते ही भीड़ बढ़ने की संभावना पहले से थी, इसके बावजूद न तो अतिरिक्त काउंटर खोले गए और न ही पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की गई। वहीं कुछ मरीजों का यह भी कहना था कि कर्मचारियों की कमी के कारण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने से दिक्कतें आई हैं, स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही अतिरिक्त काउंटर खोलने और भीड़ प्रबंधन के लिए कदम उठाए जाएंगे।






