बरेली पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रदेश में गोवंश संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर सरकार की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में करीब 14 लाख गायों को साढ़े सात हजार गोशालाओं में संरक्षित किया गया है। इनके बेहतर रखरखाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हर गोशाला में “भूसा बैंक” बनाए जाएंगे, जिसमें हमेशा 10 क्विंटल भूसा उपलब्ध रहेगा।
मंत्री ने बताया कि चरागाह की जमीनों को कब्जामुक्त कराकर वहां हरा चारा उगाने की योजना पर भी काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए नगर विकास, पशुपालन, पंचायतीराज, ग्राम विकास, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) करेंगे, ताकि पशुओं को पर्याप्त भोजन और संरक्षण मिल सके।
उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन को जरूरी बताते हुए नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी योजना और मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना का जिक्र किया। साथ ही नस्ल सुधार के लिए देसी गायों जैसे शाहीवाल, गिरी और हरियाणवी नस्ल के सीमन को मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि बछिया पैदा करने वाले विशेष सीमन को 100 रुपये में देने की व्यवस्था की गई है।
राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैस या पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और सरकार हर स्तर पर व्यवस्था बनाए हुए है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार की बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है, जिससे मजदूर का बेटा भी आगे बढ़कर उच्च पदों तक पहुंच सके।


