फर्रुखाबाद| जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कई चौकी प्रभारियों एवं उप निरीक्षकों को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई विवेचना कार्य में लापरवाही और शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने के आरोपों के चलते की गई है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रभारी चौकी पल्ला विजय कुमार, प्रभारी चौकी ताजपुर अनिल सिकरवार तथा प्रभारी चौकी बबना इंस्पेक्टर राजेश कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही शिकायत जांच प्रकोष्ठ में तैनात उप निरीक्षक अमर सिंह पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों के खिलाफ विवेचना में अनियमितता, समय पर मामलों का निस्तारण न करना तथा शिकायतों को गंभीरता से न लेने जैसी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक ने यह कड़ा कदम उठाया है।
वहीं, प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह को शिकायत जांच प्रकोष्ठ का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।
विवेचना में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: कई चौकी इंचार्ज व उप निरीक्षक लाइन हाजिर


