नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (New Friends Colony) इलाके से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां नौकरानी ने ‘Special 26’ मूवी की तर्ज पर अपने मालिक के घर फर्जी ईडी (fake ED) की रेड की साजिश रची। नकली ED अधिकारी बनकर लाखों की नकदी और घड़ियां लूटकर फरार हो गए। इस पूरे मामले का खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी वर्दी और आईडी कार्ड भी बरामद किया है।
दरअसल दिल्ली पुलिस ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में बुजुर्ग आर्किटेक्ट के घर के घर पड़ी कथित ED रेड का सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि रेड पूरी तरह से फर्जी थी और इसे लूट के लिया प्लान किया गया था। पुलिस के अनुसार घर की नौकरानी ने यह पूरी साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, नौकरानी ने इस वारदात की योजना काफी सोच-समझकर बनाई थी। उसने अपने एक करीबी साथी के साथ मिलकर नकली रेड को अंजाम देने की प्लानिंग की। बताया जा रहा है कि नौकरानी ने अपने मालिक के घर से जुड़ी हर जरूरू जानकारी अपने साथी को पहले ही दे दी थी। इसमें घर में रहने वाले लोगों की संख्या, उनके दैनिक कार्यक्रम और घर की अंदरूनी व्यवस्था तक की जानकारी शामिल थी। इस जानकारी के आधार पर उसका साथी खुद को ED अधिकारी बताकर घर में दाखिल होने और विश्वास जीतने की कोशिश कर सकता था।
पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए बड़े स्तर पर तकनीकी जांच की। करीब 350 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. डी-ब्लॉक के निजी कैमरे, दिल्ली पुलिस के कैमरे और ट्रैफिक कैमरों की रिकॉर्डिंग को जोड़कर आरोपियों की गाड़ी का पूरा रूट तैयार किया गया। फुटेज में कार को सराय काले खां से गाजियाबाद बॉर्डर पार करते और फिर वैशाली के सेक्टर-4 में पार्क होते देखा गया।
इसके बाद मोबाइल टावर डंप डेटा और IMEI ट्रैकिंग के जरिए उन मोबाइल नंबरों की पहचान की गई, जो घटना स्थल और वैशाली पार्किंग दोनों जगह एक्टिव थे। जांच का तार सीधे गाजियाबाद स्थित पूजा राजपूत के घर तक पहुंचा। स्थानीय जानकारी से यह भी सामने आया कि पीड़ित परिवार की नौकरानी रेखा देवी अक्सर उसी पते पर जाती थी। यहीं से पूरी साजिश की पुष्टि हुई।
25 फरवरी को पुलिस ने पूजा राजपूत के घर छापा मारा। वहां से ITBP के डिप्टी कमांडेंट की पूरी वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड, वायरलेस सेट बॉक्स (ताकि असली रेड जैसा माहौल बनाया जा सके), चोरी की गई 7 लग्जरी घड़ियां और जेवरात बरामद किए गए। इन बरामदगी से साफ हो गया कि पूरी वारदात सोची-समझी साजिश थी। पुलिस ने नौकरानी 40 वर्षीय रेखा देवी और उसकी भाभी 45 वर्षीय पूजा राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।


