26 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

तेंदुए का खौफ: लोकेशन न मिलने से पकड़ से दूर, खेतों में जारी कांबिंग

Must read

 

हरदोई। जिले के पिहानी क्षेत्र के अंबारी गांव में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। वन विभाग की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हैं, लेकिन अब तक तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता नहीं चल सका है। इसी वजह से उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी नहीं लगाया जा सका है।

पिहानी, हरदोई और खीरी जिले के मोहम्मदी क्षेत्र की संयुक्त टीमें अंबारी गांव और आसपास के खेतों में लगातार कांबिंग कर रही हैं। बुधवार को तलाशी के दौरान कुछ पगचिह्न जरूर मिले, जिससे अंदेशा है कि तेंदुआ पिहानी और मोहम्मदी रेंज के बीच लगातार मूवमेंट कर रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गन्ने की फसल खड़ी होने के कारण तलाश अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं। घने खेतों में तेंदुए का छिपना आसान हो जाता है, जिससे उसकी सही लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है।

पिहानी रेंज अधिकारी नीलम मौर्या ने बताया कि जैसे ही तेंदुए की स्पष्ट लोकेशन मिल जाएगी, तुरंत पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। पिंजरा पहले से ही पिहानी रेंज में उपलब्ध है और टीम पूरी तरह तैयार है।

वन विभाग ने एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि मवेशियों को खुले में न बांधें, रात में घरों के आसपास आग जलाकर रखें और अंधेरे में अकेले बाहर न निकलें।

साथ ही यह भी हिदायत दी गई है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो उसे छेड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। सुरक्षा के मद्देनजर एक टीम को इलाके में लगातार निगरानी के लिए तैनात किया गया है, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article