इटावा। जनपद में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए एक महिला ने लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा, जहां शिकायत सुनते ही अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
पीड़िता रजनी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की लेखपाल सरिता ने मामले में मनमानी करते हुए गलत रिपोर्ट लगा दी, जिससे दबंगों का हौसला बढ़ गया। महिला का कहना है कि उसकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है, लेकिन राजस्व विभाग से उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।
समाधान दिवस में शिकायत सामने आने पर तहसीलदार दिलीप ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल सरिता को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निष्पक्ष जांच कर सही रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और पीड़िता को न्याय दिलाया जाए।
तहसीलदार ने चेतावनी दी कि यदि जांच में लापरवाही या पक्षपात पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़िता ने प्रशासन से दबंगों के कब्जे से जमीन मुक्त कराने की मांग की है।
इस मामले के बाद राजस्व विभाग की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो आम जनता का भरोसा प्रशासन से उठ सकता है।
लेखपाल पर मनमानी का आरोप, समाधान दिवस में तहसीलदार की फटकार


