17.5 C
Lucknow
Tuesday, March 3, 2026

पाकिस्तान में फिल्म ‘धुरंधर’ पर कानूनी घमासान, कराची कोर्ट में याचिका, बेनजीर भुट्टो और PPP के इस्तेमाल पर आपत्ति

Must read

मुंबई: पाकिस्तान (Pakistan) के कराची में भारतीय फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) को लेकर विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को कराची के डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट (साउथ) में फिल्म के खिलाफ एक याचिका दाखिल की गई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि फिल्म में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की तस्वीरों, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के झंडे और पार्टी रैलियों के फुटेज का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है।

यह याचिका PPP के कार्यकर्ता मोहम्मद आमिर की ओर से दायर की गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि फिल्म में PPP को आतंकवाद का समर्थन करने वाली पार्टी के रूप में दर्शाया गया है, जो न केवल तथ्यहीन है बल्कि पार्टी, उसके नेताओं और समर्थकों की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला भी है।

याचिका में मांग की गई है कि फिल्म से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। इसमें फिल्म के लीड एक्टर रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेनी के नाम शामिल हैं। साथ ही निर्देशक आदित्य धर और निर्माता लोकेश धर व ज्योति किशोर देशपांडे को भी आरोपी बनाया गया है।

फिल्म के जिस फुटेज को लेकर सबसे ज्यादा विवाद खड़ा हुआ है, उसमें दिवंगत प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की तस्वीरों के साथ-साथ पाकिस्तान और PPP के झंडे भी दिखाए गए हैं। याचिकाकर्ता का दावा है कि यह सब बिना किसी कानूनी अनुमति के किया गया है, जो कानून का सीधा उल्लंघन है।

याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर में PPP को आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने वाली पार्टी के तौर पर पेश किया गया है। इसके अलावा कराची के लियारी इलाके को ‘आतंकियों का युद्ध क्षेत्र’ बताया गया है, जिसे याचिकाकर्ता ने मानहानिकारक, भ्रामक और पाकिस्तान की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।

फिल्म में अभिनेता अक्षय खन्ना द्वारा निभाया गया किरदार रहमान डकैत भी विवाद का कारण बना हुआ है। याचिका के मुताबिक, इस किरदार को PPP के समर्थन से जुड़ा हुआ दिखाया गया है, जिससे पार्टी को हिंसा और आतंकवाद से जोड़ने की कोशिश की गई है।

मोहम्मद आमिर ने बताया कि उन्होंने पहले कराची के दरख्शां थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने न तो मामला दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। इसके बाद मजबूरन उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा। याचिका में पाकिस्तान दंड संहिता की कई धाराओं का हवाला दिया गया है, जो मानहानि, नफरत फैलाने और विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी पैदा करने से संबंधित हैं।

इधर, फिल्म ‘धुरंधर’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। भारत और कुछ अन्य देशों में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मिडिल ईस्ट के कई देशों में फिल्म पर बैन लगा दिया गया है। बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में इसे रिलीज की अनुमति नहीं मिली है।

बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों की सेंसर अथॉरिटीज ने फिल्म को ‘पाकिस्तान विरोधी’ मानते हुए मंजूरी देने से इनकार किया है। इससे पहले भी पाकिस्तान से जुड़ी थीम वाली कई भारतीय फिल्मों, जैसे ‘फाइटर’, ‘स्काई फोर्स’ और ‘द डिप्लोमैट’ को इसी तरह के विरोध और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article