अमृतपुर फर्रुखाबाद| थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम खंडोली के जंगल में सोमवार रात एक व्यक्ति का शव बबूल के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राई निवासी दीपक पुत्र रामलड़ेते ने थाना राजेपुर में सूचना दी कि उनके पिता रामलड़ेते (लगभग 50 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम राई ने 9/10 मार्च 2026 की रात किसी अज्ञात कारण के चलते ग्राम खंडोली के जंगल में सर्वाधर सिंह के खेत में खड़े बबूल के पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी लगा ली।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
रात में घर से निकला ग्रामीण, सुबह जंगल में पेड़ से लटका मिला शव


