लापता मासूम की हत्या, आलू के खेत में मिला शव, जमीन की रंजिश का आरोप

0
202

जहानगंजl थाना क्षेत्र के कोरी खेड़ा गांव में लापता हुए 10 वर्षीय मासूम की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कई दिनों से चल रही तलाश के बाद रविवार को उसका शव गांव के ही एक आलू के खेत में मिलने से शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजन जहां गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीण इस जघन्य घटना से आक्रोशित नजर आए।

कोरी खेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता का पुत्र आशुतोष गुप्ता (उम्र लगभग 10 वर्ष) कक्षा 4 का छात्र था और सरस्वती शिशु मंदिर मूसा खिरिया में पढ़ता था। आशुतोष बीते बुधवार शाम करीब 5:30 बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता चंद्र प्रकाश गुप्ता की तहरीर पर थाना जहानगंज में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया, आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी ली गई, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान चार लोगों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ हुई, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी।

रविवार को कोरी खेड़ा निवासी नितेश राजपूत जब आलू के खेत में पानी लगाने जा रहे थे, तभी उन्हें मेड के किनारे एक कोट पड़ा दिखाई दिया। शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष जहानगंज राजेश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान रंजीत शाक्य के आलू के खेत में मासूम आशुतोष का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की खबर से गांव में कोहराम मच गया। मृतक की मां पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि जमीन की रंजिश को लेकर उनका पुराना विवाद चल रहा है और इसी दुश्मनी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। थाना अध्यक्ष नवाबगंज अवध नारायण पांडे, मोहम्मदाबाद कोतवाल विनोद शुक्ला, कमालगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा हलका इंचार्ज रामबाबू ने भरवाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थाना अध्यक्ष जहानगंज राजेश राय ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही पूरी घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here