थाना कादरी गेट पुलिस की लापरवाही उजागर — सड़क हादसे के बाद बीच सड़क पड़ी रही बाइक, पुलिसकर्मी बने तमाशबीन

0
75

फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र में पुलिस की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। बीती रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन हादसे के बाद उसकी बाइक काफी देर तक बीच सड़क पर पड़ी रही। यह घटना रोडवेज चौकी के ठीक बगल में हुई, जहां मौजूद पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बाइक को सड़क से हटाने की जहमत नहीं उठाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात एक युवक अपनी बाइक से जा रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन संयोग से उसकी जान बच गई। हादसे के बाद बाइक सड़क के बीचों-बीच पड़ी रह गई, जिससे राहगीरों और अन्य वाहनों को गुजरने में परेशानी होने लगी।
हैरानी की बात यह रही कि घटना स्थल रोडवेज चौकी से कुछ ही दूरी पर था, फिर भी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कोई कदम नहीं उठाया। लोग बार-बार ध्यान दिलाते रहे कि बाइक को हटाया जाए, लेकिन पुलिसकर्मी मूक दर्शक बने रहे।
इस दौरान छोटे-बड़े वाहन वहां से गुजरते रहे, जिससे दूसरा हादसा होने की आशंका बनी रही। करीब आधे घंटे तक बाइक सड़क पर पड़ी रही।
जब घायल युवक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना मिली, तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं ही बाइक को सड़क से हटाया और घायल युवक को घर ले गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि थाना प्रभारी कादरी गेट के हाल में हुए बदलाव के बाद से पुलिस की कार्यशैली में गिरावट देखने को मिल रही है। क्षेत्र में चौकसी घटने और पुलिस की निष्क्रियता के कारण आमजन परेशान हैं।
लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते सक्रियता दिखाई होती, तो हादसे के बाद की स्थिति और गंभीर नहीं होती।
क्षेत्रीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि कादरी गेट थाने की लापरवाह कार्यशैली पर अंकुश लगाया जाए और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए ताकि जनता का विश्वास पुलिस पर कायम रह सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here