चरवा थाना क्षेत्र के खुर्द मोहल्ले में दबंग पिता-पुत्र पर पड़ोसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को तहरीर देकर दरवाजा लगाने से रोकने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
खुर्द मोहल्ला निवासी शंकरलाल पुत्र राम औतार के अनुसार उसके घर के पास उसकी खाली जमीन पड़ी है। आरोप है कि पड़ोसी अपने पुत्रों के साथ मिलकर उसकी जमीन की ओर दरवाजा लगाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। शंकरलाल का कहना है कि बिना अनुमति निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने दरवाजा लगाने का विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और झगड़ा करने लगे। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है।
मामले में पीड़ित ने एसडीएम को लिखित शिकायत देकर जमीन की पैमाइश कराने और अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी गुहार लगाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
एसडीएम अरुण कुमार ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित इंस्पेक्टर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।


