कासगंज: कासगंज जिले के गांव पहाड़पुर में संतोष गौड़ की अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन (Land) को जिला प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर कब्जा मुक्त (possession free) कराकर बड़ी राहत दी है। समाधान दिवस पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और निस्तारण कराया। त्वरित कार्रवाई से पीड़ित ने जिला प्रशासन की सराहना की है।
मोहल्ला जय-जयराम निवासी संतोष गौड़ की पहाड़पुर गांव में स्थित भूमि पर वह गुरुकुल निर्माण की योजना बना रहे थे, लेकिन लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने के कारण वह परेशान थे। पीड़ित का आरोप है कि माफियाओं की इस जमीन पर लगातार नजर बनी हुई थी और आए दिन उन्हें प्रताड़ित किया जाता रहा। बीते तीन वर्षों में उन्होंने तहसील स्तर से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक करीब ढाई सौ से अधिक शिकायतें कीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
शनिवार को समाधान दिवस के दौरान पीड़ित अपनी शिकायत लेकर मंडलायुक्त संगीता सिंह के समक्ष जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस कर्मियों से विवाद की स्थिति बनी, जिससे मामला चर्चा में आ गया। इसकी जानकारी मिलते ही डीएम प्रणय सिंह और एसपी अंकिता शर्मा ने प्रकरण को गंभीरता से लिया। रविवार सुबह ही डीएम के निर्देश पर एसडीएम संजीव कुमार, तहसीलदार और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। नापतोल कराकर अवैध कब्जा हटवाया गया और जमीन पीड़ित को सुपुर्द की गई।
कार्रवाई के बाद संतोष गौड़ ने बताया कि वह तीन वर्षों से कब्जा मुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन पहली बार प्रशासन ने इतनी तेजी से कार्रवाई की है। एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित की जमीन से कब्जा पूरी तरह हटा दिया गया है और अब उसे कोई शिकायत नहीं है। प्रशासन की इस त्वरित पहल को जिले में सुशासन की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।


