राजधानी। लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक सिरफिरे व्यक्ति की हरकत से आधी रात को बड़ा बिजली संकट खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बिजली के पोल में आग लगा दी, जिससे पूरे क्षेत्र की सप्लाई बाधित हो गई।
घटना रात करीब 3:35 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के बाद करीब 1500 उपभोक्ताओं की बिजली करीब 2 घंटे तक गुल रही, जबकि 110 उपभोक्ताओं को लगभग 8 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
इस घटना का असर केवल बिजली तक सीमित नहीं रहा। आग के कारण करीब 2000 मोबाइल कनेक्शनों का नेटवर्क भी प्रभावित हो गया, जिससे संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सप्लाई को बहाल किया जा सका।
बिजली विभाग ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। आग से विभाग को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिरफिरे की करतूत, बिजली पोल में आग लगाकर सप्लाई ठप


