लखनऊ| एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पारा थाना क्षेत्र में रहने वाली दो सगी बहनों ने कथित तौर पर फिनाइल पीकर आत्महत्या कर ली। दोनों बहनों की मौत की वजह उनके पालतू कुत्ते की लंबे समय से चली आ रही गंभीर बीमारी को माना जा रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव में थीं।
जानकारी के मुताबिक मृतक बहनों की पहचान 24 वर्षीय राधा सिंह और 22 वर्षीय जिया सिंह के रूप में हुई है। दोनों बहनें ग्रेजुएट थीं और पारा इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थीं। परिवार ने एक जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता पाल रखा था, जिसका नाम टोनी था। टोनी पिछले करीब एक महीने से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था। परिजन उसका लगातार इलाज करा रहे थे, लेकिन उसकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था।
परिजनों के अनुसार, दोनों बहनों का टोनी से बेहद गहरा भावनात्मक लगाव था। टोनी की तबीयत बिगड़ने के बाद से वे काफी उदास और परेशान रहने लगी थीं। हालत यह थी कि अगर टोनी खाना नहीं खाता था, तो दोनों बहनें भी खाना छोड़ देती थीं। कुत्ते की बीमारी ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था और वे मानसिक तनाव में रहने लगी थीं।
घटना वाले दिन मां गुलाबा देवी ने दोनों बेटियों को दुकान से सामान लाने के लिए भेजा था। दुकान से लौटने के कुछ देर बाद दोनों बहनें अचानक कराहने लगीं। मां के पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने फिनाइल पी लिया है। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शोर मचाकर आस-पड़ोस के लोगों को बुलाया गया और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पारा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें पालतू कुत्ते की बीमारी को लेकर काफी परेशान थीं और मानसिक रूप से टूट चुकी थीं। मृतकाओं के भाई ने भी यही वजह बताई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फिनाइल कहां से लाया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





