कायमगंज, फर्रुखाबाद। कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी क्रॉसिंग के पास स्थित एक तम्बाकू गोदाम में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक दबंग युवक ने महिला सहकर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव रुटौल निवासी रेखा कोरी और महेश एक ही तम्बाकू गोदाम में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि बीते दिन तम्बाकू की गढ़िया बांधने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसे उस समय अन्य मजदूरों ने शांत करा दिया था। हालांकि विवाद की रंजिश बनी रही।
सोमवार सुबह जब रेखा कोरी रोज की तरह काम पर पहुंचीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपी महेश ने अचानक धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गोदाम में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में दहशत फैल गई।
घायल महिला को सहकर्मियों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले दिन हुए विवाद को गंभीरता से लिया जाता, तो यह घटना टाली जा सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
तम्बाकू गोदाम में खूनी संघर्ष, महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला


