कानपुर भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप 14 मार्च को मसूरी में अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 14 मार्च को मसूरी के एक सुंदर रिसॉर्ट में दोनों परिवारों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में विवाह समारोह संपन्न होगा। यह कार्यक्रम पारिवारिक माहौल में आयोजित किया जाएगा, लेकिन इसमें क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
शादी की तैयारियों के बीच कुलदीप यादव के पिता रामसिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें विवाह और रिसेप्शन का निमंत्रण भी दिया है। यह मुलाकात आठ मार्च को हुई थी। इससे पहले कुलदीप और वंशिका की सगाई पिछले वर्ष चार जून को लखनऊ के एक होटल में हुई थी, जिसमें कई खास मेहमान शामिल हुए थे।
सगाई समारोह में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज भी मौजूद थीं। यह शादी पहले नवंबर 2025 में होने वाली थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और टी-20 विश्वकप में कुलदीप के चयन के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया।
कुलदीप यादव और वंशिका बचपन के दोस्त हैं। वंशिका ने 2017 में सेंट मैरी से 12वीं पास की थी और आगे की पढ़ाई तथा नौकरी के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गई थीं। समय के साथ दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और अब दोनों जीवनसाथी बनने जा रहे हैं। लखनऊ में होने वाला रिसेप्शन उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के इस खास मौके का बड़ा उत्सव माना जा रहा है।


