खुद की शादी के लिए 25 लाख खर्च का दबाव: महिला सिपाही और थाना प्रभारी की चैट में चौंकाने वाला खुलासा

0
37

जालौन| कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की हत्या मामले में आरोपी महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा की शादी फरवरी 2026 में तय थी। मामले की जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी शादी का 25 लाख रुपए खर्च इंस्पेक्टर पर उठवाने का दबाव बना रही थी और धमकी देती थी कि यदि यह नहीं हुआ तो वह वीडियो उनकी पत्नी को भेज देगी। सूत्रों के अनुसार, इसी दबाव के चलते शुक्रवार की रात थाना प्रभारी की हत्या कर दी गई।

घटना के समय अरुण कुमार राय कुठौंद थाने के सरकारी आवास में थे। उनका शव मच्छरदानी के अंदर खून से लथपथ पाया गया, और पिस्टल उनके सीने पर रखी हुई थी। रविवार को पुलिस ने मीनाक्षी शर्मा को न्यायालय में पेश किया और उसे जेल भेज दिया।

दिवंगत इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मीनाक्षी के तीन मोबाइल और चार सिम कार्ड, तथा इंस्पेक्टर के तीन सिम कार्ड को खंगालना शुरू कर दिया है। कॉल डिटेल और चैट रिकॉर्ड से कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मीनाक्षी पिछले 10 दिनों से ड्यूटी से गायब थी, फिर भी वह कोंच के सरकारी आवास में रहकर ड्यूटी करती रही। दोनों के बीच गहरी नजदीकियां मार्च 2024 से शुरू हुई थीं, जब मीनाक्षी को कोंच कोतवाली में तैनात किया गया और बाद में अरुण कुमार राय प्रभारी बने। इसके बावजूद दोनों के बीच नजदीकियों की चर्चाएं तेज रही।

पुलिस अब मामले की पूरी जांच कर रही है, और सभी डिजिटल सबूतों की पड़ताल के बाद ही हत्या के संपूर्ण सच सामने आने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here