पीलीभीत
बीसलपुर क्षेत्र के गांव जल्लापुर में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने सरकारी कोटेदार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने देर रात उसके घर में घुसकर लाठी-डंडों और बांके से प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित वृंदावन ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह गांव में सरकारी गल्ला दुकान का संचालन करता है। इसी बात को लेकर गांव के ही कुछ लोग उससे रंजिश मानते हैं। आरोप है कि चार फरवरी की रात करीब आधा दर्जन लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए।
घर में घुसते ही आरोपियों ने वृंदावन पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से पीटने के साथ ही बांके से भी प्रहार किया गया, जिससे उसके सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर हरीश कुमार, राकेश कुमार, आकाश, शिवम, मंजू देवी और रानी देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


