महोबा। थाना अजनर क्षेत्र के आरी गांव में सोमवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के बाहर खेल रही तीन सगी बहनों के शव देर रात गांव के बाहर बने कुएं से बरामद किए गए। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
आरी गांव निवासी रम्मू अहिरवार की तीन बेटियां—सात वर्षीय रूचि, पांच वर्षीय पुष्पा और तीन वर्षीय दीक्षा—शाम को घर के दरवाजे पर खेल रही थीं। कुछ देर बाद जब तीनों घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी बच्चियों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना अजनर के थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत और अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। देर रात तीनों बच्चियों के शव गांव के बाहर ललौनी रोड स्थित तिजवा अहिरवार के खेत के कुएं से बरामद किए गए।
एसपी प्रबल प्रताप सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।




