फर्रुखाबाद| शनिवार को घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। सुबह से ही जिलेभर में कोहरे की चादर तनी रही, जिसके चलते सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्र्रता करीब 28 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर लगभग 30 मीटर रह गई, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पिछले दो दिनों से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक हुई बारिश के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार को जहां हल्का कोहरा और तेज हवाएं चल रही थीं, वहीं शनिवार की सुबह से ही घना कोहरा छा गया। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा और सुबह के समय घरों से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
घने कोहरे का असर यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग और इटावा-बरेली हाईवे पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। कोहरे के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक की गति थम सी गई, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लगा।
हालांकि घना कोहरा किसानों के लिए राहत लेकर आया है। किसानों का कहना है कि यह मौसम गेहूं, सरसों और आलू जैसी रबी फसलों के लिए बेहद लाभदायक है। कोहरे से फसलों को पर्याप्त नमी मिल रही है, जिससे पैदावार बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, वहीं प्रशासन ने भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।


