4 उड़ानें रद्द, 6 लेट; पिछले दो हफ्तों से बना है अव्यवस्था का माहौल
लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे की घनी चादर और तकनीकी परेशानियों के चलते मंगलवार को भी उड़ान संचालन प्रभावित रहा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार 4 उड़ानें निरस्त करनी पड़ी, जबकि 6 उड़ानें देर से संचालित हुईं।
सबसे अधिक प्रभावित इंडिगो की उड़ानें रहीं। मुंबई और कोलकाता जाने वाली इंडिगो फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा। वहीं दिल्ली, जयपुर और आबू धाबी के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स भी निर्धारित समय से काफी देर बाद रवाना हुईं।
आने वाली उड़ानों पर भी इसका असर दिखाई दिया। रियाद और इंदौर से आने वाली उड़ानें देर से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि पिछले दो हफ्तों से कोहरे और ऑपरेशनल दिक्कतों के चलते एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बाधित हो रहा है। एयरलाइंस ने यात्रियों को यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस की जांच करने की सलाह दी है।






