फर्रुखाबाद।जनपद में अवैध खनन और उससे जुड़े परिवहन पर शिकंजा कसते हुए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के क्रम में खनन विभाग की टीम ने मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरसिंगपुर संतोषपुर में औचक छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे का भंडाफोड़ किया।
खनन अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर संचालित मैसर्स श्याम ट्रेडिंग कंपनी के ईंट भट्ठे की गहन जांच की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि भट्ठा स्वामी द्वारा आवश्यक विनियमन शुल्क जमा नहीं किया गया था और बिना वैध अनुमति के भट्ठे का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा भट्ठे में फुकाई (ईंट पकाने की प्रक्रिया) का कार्य भी नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान मौके पर भारी मशीनरी का उपयोग भी पाया गया, जो अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त होने की आशंका को और मजबूत करता है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर कार्यरत एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया। जब्त मशीन को चौकी मदनपुर, कोतवाली मोहम्मदाबाद की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन, बिना अनुमति भट्ठा संचालन और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए औचक निरीक्षण और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित भट्ठा संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध संचालन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य भट्ठा संचालकों में भी प्रशासनिक कार्रवाई का भय देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, बिना अनुमति चल रहे ईंट भट्ठे पर छापा, जेसीबी जब्त


