फर्रुखाबाद। सेनापति स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में घोषित अवकाश के बावजूद मंगलवार को विद्यालय खोले जाने और नियमित रूप से पढ़ाई कराए जाने का मामला सामने आया था। जिस खबर को दैनिक यूथ इंडिया समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खास बात यह रही कि अवकाश घोषित होने के बाद भी छोटे-छोटे बच्चों को विद्यालय बुलाया जा रहा था, जिससे अभिभावकों में भी नाराज़गी देखने को मिली।
इस गंभीर लापरवाही के बाद शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। खबर सामने आते ही विभाग में हलचल मच गई और पूरे प्रकरण की जानकारी ली गई।
मीडिया में मामला उजागर होने के बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप से बुधवार को विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया। इस निर्णय के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली। वहीं, शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में घोषित अवकाश का पूर्ण रूप से पालन किया जाए और किसी भी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा व नियमों से समझौता न किया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों को अवकाश के दिन विद्यालय बुलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने प्रशासन से इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं अन्य विद्यालयों में भी इस प्रकार की अनियमितता तो नहीं हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here