डॉक्टर–डायग्नोस्टिक सेंटर गठजोड़ की जांच को बनी समिति, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मरीजों को जांच के लिए कथित तौर पर निजी लैब भेजे जाने का मामला गंभीर रूप से सामने आया है। प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, कई डॉक्टरों और कुछ चुनिंदा डायग्नोस्टिक सेंटरों के बीच मिलीभगत की शिकायतें सामने आई थीं। जबकि केजीएमयू में सभी आवश्यक मशीनें और संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहरी लैब भेजा जा रहा था, जिससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।
KGMU प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और यदि आरोप साबित होते हैं तो संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच समिति से जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है। मामले के खुलासे के बाद संस्थान में हड़कंप मचा हुआ है।






