रमीज का साथी शारिक पीलीभीत से गिरफ्तार, निकाह पढ़ाने वाले जाहिद की तलाश
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से जुड़ा धर्मांतरण और यौन शोषण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। पुलिस ने इस प्रकरण में मुख्य आरोपी रमीज के करीबी शारिक को पीलीभीत से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में अहम भूमिका निभाने वाले निकाह पढ़ाने वाले जाहिद की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जाहिद धर्मांतरण की प्रक्रिया और निकाह कराने में सक्रिय भूमिका निभाता था। आरोप है कि युवतियों को मानसिक दबाव में लेकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता और फिर निकाह की औपचारिकताएं पूरी कराई जाती थीं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क ने एक महिला डॉक्टर पर भी धर्मांतरण का दबाव बनाया था। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से युवतियों को निशाना बना रहे थे।
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने के बाद अश्लील वीडियो बनाते और फिर उन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर धर्मांतरण व अन्य बातों के लिए मजबूर किया जाता था। इस एंगल पर डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी
पीलीभीत से गिरफ्तार शारिक से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क कई जिलों में फैला हुआ है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता भी हो सकती है।






